झाबुआ। विश्वस्तरीय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाले ISO प्रमाणित CBSE विद्यालय अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors’ Day) उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. चारुलता दवे का तिलक एवं विद्यार्थियों द्वारा हस्तनिर्मित गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया गया तथा उन्हें डॉक्टर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। छात्र अथर्व शर्मा ने चिकित्सकों के समाज में योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. चारुलता दवे ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के इतिहास एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के संस्थापक डॉ. लोकेश दवे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के दो समूहों ने शहर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण किया। प्रथम समूह ने स्थानीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का भ्रमण किया, जहाँ जिला आयुष अधिकारी डॉ. कलम सिंह बरिया, डॉ. नरवर सिंह डामोर, डॉ. राकेश खराड़ी, श्रीमती मंजूला डेरा एवं समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। विद्यार्थियों ने आयुर्वेद के आराध्य भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर भारतीय चिकित्सा परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, औषधीय पौधों, पंचकर्म चिकित्सा, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा प्राकृतिक जीवनशैली के वैज्ञानिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन करते हुए उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों ने सरल एवं प्रेरणादायी ढंग से उत्तर दिया। दूसरे समूह ने शहर के लबाना हॉस्पिटल का शैक्षणिक भ्रमण किया। यहाँ डॉ. लबाना ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें जनरल वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, स्पेशल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड एवं अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा व्यवस्थाओं से परिचित कराया। विद्यार्थियों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को निकट से समझा तथा चिकित्सा सेवाओं के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के अंत में हॉस्पिटल परिवार द्वारा विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित की गई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विद्यालय की ओर से सभी चिकित्सकों को हस्तनिर्मित शुभकामना कार्ड भेंट कर उनके समाज के प्रति समर्पण, सेवा भावना एवं अमूल्य योगदान के लिए सम्मानपूर्वक आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने भी चिकित्सकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं समर्पित जीवन की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश लिमये ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हैं तथा उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सेवा भावना का विकास करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती शारदा कुमावत ने सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों का आभार व्यक्त किया। इसी दिन प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की शपथ भी दिलाई गई।
Related Posts
Add A Comment
Contact Us
🧑💼 Editor: The Hindi News
🏠 Address: Near New Post Office, Meghnagar, Dist. Jhabua – 457779 (M.P.)
📧 Email: thehindis01@gmail.com
📱 Mobile: 7987978331
Important Pages
The Hindi News Copyright © 2025. Designed by Nimble Technology

